लाइव सिटीज, गया: गया में दरोगा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। वह एसएसपी कोठी के पास ही किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार सुबह कमरे में ही फंदे से लटकती हुई उसकी लाश बरामद हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मौके पर पुलिस आला अधिकारी और रामपुर थाना की पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर भेज दिया। दरोगा सहरसा जिले के बनगांव का रहने वाला था। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों का इंतजार कर रहे हैं।
शुक्रवार की सुबह एसपी आफिस के मीडिया सेल से कर्मियों ने दरोगा अनूज कुमार को फोन किया था। लेकिन, फोन रिसीव नहीं होने के कारण आफिस के कर्मी घर पहुंच गए। दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जबाब नहीं मिला। तब पुलिस कर्मियों ने सिढ़ी के सहारे घर के छत पर पहुंचे। जब कमरे के वेंटिलेटर से देखा तो दरोगा अनूज कुमार कश्यप फंदे से लटका हुआ था।
उसके बाद पुलिस कर्मियों ने सीनियर पुलिस पदाधिकारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामपुर थाना की पुलिस समेत कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा को तोड़ कर शव बाहर निकाला गया। वहीं मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। मौके पर पहुंची फौरेंसिक की टीम शव और घटना स्थल की छानबीन कर रही है।