लाइव सिटीज, अरवल: अरवल में बड़ा हादसा हुआ है. जिले के तेलपा थाना में तैनात दारोगा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मृतक की शिनाख्त मनु कुमार के रूप में हुई है. जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर यह घटना घटी है.
बताया जा रहा है कि दारोगा मनु कुमार क्राइम मीटिंग में शामिल होने अरवल जिला मुख्यालय बाइक से जा रहे थे. तभी एसएच 69 पर सुखी बीघा गांव के समीप तेल टैंकर से बाइक की टक्कर हो गयी. प्रत्यक्षदर्शी का कहना था कि आमने-सामने भिड़ंत हुई.
स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने दारोगा को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने के कारण सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया. जहां एम्स में इलाज के दौरान मनु कुमार की मौत हो गई.
मृत दारोगा मनु कुमार रोहतास (पिता का नाम- तेज बहादुर प्रसाद, वार्ड नं 1, डुमरी शाहपुर) के रहने वाले थे. 2020 बैच के सब इंस्पेक्टर थे. घटना की सूचना के बाद उनके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है.
