लाइव सिटीज, पटना: बिहार के पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई है. इस दौरान आंधी-तूफान की भी संभावना दिख रही है. मौसम विभाग ने गया जिले के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. गया में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ बारिश के आसार हैं.
सोमवार की सुबह औरंगाबाद, बांका, गया, जहानाबाद, जमुई, लखीसराय, नालंदा, नवादा और शेखपुरा आदि जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों में भारी बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी. शेखपुरा में रविवार की रात से ही तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई है. तेज हवा और बारिश के कारण गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
आईएमडी (IMD) ने सोमवार को बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इन जिलों में आंधी-तूफान, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना है. इसके अलावा अन्य जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी है. मौसम विभाग ने ऐसे मौसम में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों से बारिश के दौरान सुरक्षित छत का सहारा लेने का आग्रह किया गया है.
