लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है। कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। पटना और दक्षिण बिहार में भी जोरदार बारिश हुई है। वहीं नालंदा जिले में फल्गु नदी का पानी बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। झारखंड में भारी बारिश के कारण ये स्थिति हुई। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जबकि गया जिले में बारिश से कई घरों में पानी घुस गया है
राज्य सरकार के जल संसाधन विभाग के अनुसार, झारखंड के विभिन्न जिलों में लगातार भारी बारिश होने के कारण फल्गु नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उदेरास्थान बैराज से बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे 1,15,308 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यह भी बताया गया है कि नालंदा जिले के धुरीबिगाहा के पास एक दरार आ गई है।
मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली और नालंदा जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बहुत तेज बारिश हो सकती है। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। पटना, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, अरवल, रोहतास, जहानाबाद, गया, बांका, खगड़िया, दरभंगा, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, समस्तीपुर, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी भारी बारिश का खतरा है