लाइव सिटीज, पटना: बिहार लोक सेवा आयोग ने गृह विभाग के अंतर्गत अभियोजन सेवा में अभियोजन पदाधिकारी के कुल 300 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है. यह भर्ती विज्ञापन संख्या 13/2026 के तहत निकाली गई है. आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार योग्य भारतीय अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इस भर्ती के जरिए राज्य में अभियोजन सेवा के रिक्त पदों को भरा जाएगा. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन किया जा सकता है.
आयोग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 से शुरू होगी. अभ्यर्थी 20 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसलिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा. आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन और दिशा निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके.
रिक्त पदों की श्रेणीवार संख्या की बात करें तो कुल 300 पद निर्धारित किए गए हैं. अनारक्षित वर्ग के लिए 129 पद रखे गए हैं. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 29 पद निर्धारित किए गए हैं. अनुसूचित जाति के लिए 42 पद और अनुसूचित जनजाति के लिए 7 पद आरक्षित किए गए हैं. अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 64 पद तथा पिछड़ा वर्ग के लिए 25 पद रखे गए हैं. वहीं पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 4 पद निर्धारित किए गए हैं.
