लाइव सिटीज, मधेपुरा: मधेपुरा जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा दोस्त अभी लापता है. हादसा अरार घाट पुल पर हुआ, जहां एक कार बिजली के खंभे को तोड़ते हुए लगभग 20 फीट ऊंचे पुल से नीचे नदी में जा गिरी. चारों दोस्त ग्वालपाड़ा में दीनाभद्री मेला देखकर मधेपुरा लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब 1 बजे हुआ. युवक रात 9 बजे स्टेशन चौक से निकले थे. कार अचानक बेकाबू हो गई और बिजली के खंभे से टकराते हुए पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिर गई. स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना दी, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया.
मृतकों की पहचान मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड-23 निवासी 28 वर्षीय घनश्याम कुमार, सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी मनोज कुमार के 26 वर्षीय अंकित कुमार और सौर बाजार थाना क्षेत्र के फोरसाहा निवासी प्रमोद यादव के पुत्र 23 वर्षीय वसंत कुमार के रूप में हुई है. लापता युवक की पहचान जयपालपट्टी वार्ड नंबर 15 निवासी सागर कुमार के रूप में हुई है. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश में नदी में छानबीन कर रही है.
हादसे की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. तीनों मृतक युवा थे और दोस्तों के साथ मेला घूमने गए थे. स्थानीय प्रशासन ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति पर भी गौर किया जा रहा है.
