लाइव सिटीज, भोजपुर: भोजपुर जिले में इन दिनों अपराधियों का मनोबल बढ़ता ही जा रहा है. ताजा मामला गड़हनी थाना क्षेत्र से सामने आया है. जहां अपराधियों ने पूर्व मुखिया के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. लोगों में दहशत का माहौल बन गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट गांव स्थित नहर किनारे शनिवार को पत्नी को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहे पूर्व मुखिया पुत्र की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. अपराधियों ने मृतक को काफी करीब से पांच गोली मारी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह एवं गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत अतिरिक्त पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखा भी बरामद किया है.
बीते वर्ष लहरपा गांव में हुए ट्रिपल मर्डर के प्रतिशोध में इस हत्या को अंजाम देने की चर्चा सामने आ रही है. हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
