लाइव सिटीज, पटना: पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई. मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने एक बार फिर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया. नामांकन की अंतिम तिथि होने के बावजूद किसी अन्य नेता ने इस पद के लिए पर्चा दाखिल नहीं किया, ऐसे में माना जा रहा है कि उमेश कुशवाहा लगातार तीसरी बार निर्विरोध जदयू के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाएंगे.
उमेश कुशवाहा के नामांकन के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. उनके प्रस्तावकों में सांसद रामनाथ ठाकुर, बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह, मंत्री श्रवण कुमार और पार्टी के कई विधायक शामिल रहे. सभी नेताओं ने उनके नाम का समर्थन करते हुए नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई.
नामांकन के बाद उमेश कुशवाहा ने कहा कि शुक्रवार शाम पांच बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर चल रही है, जिसमें मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के विधायकों से बातचीत करेंगे और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपनी बात रखेंगे.
