लाइव सिटीज, पटना: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने उन्हें बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यह नियुक्ति की है। इस जिम्मेदारी के तहत डिप्टी सीएम विजय शर्मा चुनाव प्रक्रिया के दौरान बिहार में पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और समन्वय की निगरानी करेंगे।
भाजपा संगठन की ओर से बताया गया है कि राज्यसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग राज्यों में वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया जा रहा है, ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पर्यवेक्षक के तौर पर विजय शर्मा की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। वे चुनाव के दौरान बिहार के स्थानीय नेताओं, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेंगे। इसके साथ ही पार्टी की रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू कराने और संगठन को एकजुट रखने की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी।
पार्टी नेताओं का मानना है कि विजय शर्मा का संगठनात्मक अनुभव और उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है।
