लाइव सिटीज, नालंदा: नालंदा में समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार की सभा में निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठी। जय निशांत, तय निशांत के नारे लगे। नीतीश कुमार के समर्थकों ने 25 से 30 फिर से नीतीश नारे की याद दिलाई गयी। लोगों ने कहा कि नीतीश कुमार के बगैर बिहार की हालत विधवा नारी की तरह हो जाएगी। इसलिए वे अभी दिल्ली नहीं जाएं। अगर जाते ही हैं तो निशांत कुमार को अपनी कुर्सी पर बैठाकर जाएं।
गुरुवार को नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। लगातार निशांत कुमार जिंदाबाद के नारे लगते रहे। दरअसल निशांत कुमार को लेकर जदयू में हलचल मची है। अनंत सिंह ने पहले ही निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग कर दी। दूसरी ओर एमएलसी सह मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने सभा में मंच से निशांत के लिए आशीर्वाद मांगा।
कुछ देर के लिए लिए स्थिति ऐसी बन गई कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। नीतीश कुमार जब भाषण करने उठे तब भी लोग शांत नहीं हुए। लोगों ने बताया कि नीतीश कुमार के नाम पर बिहार विधानसभा चुनाव में वोट दिए थे। कहा जा रहा था कि 25 से 30 फिर से नीतीश। वे बीच में ही बिहार को छोड़कर क्यों दिल्ली जा रहे हैं। उन्हें यहीं रहना चाहिए। उन्हें बिहार में रहकर यहीं की राजनीति करना है। एक व्यक्ति ने कहा कि अगर वे दिल्ली जाना जरूरी समझते हैं तो निशांत कुमार को पहले अपनी कुर्सी पर बैठाकर जाएं।
