लाइव सिटीज, पटना: कल आरा में हुए 25 करोड़ रुपये की लूट और बिहार में अपराध की बढ़ रही घटनाओं पर बिहार विधान परिषद के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय जनता दल के विधान परिषद सदस्यों का कहना है कि अगर यही रामराज है तो ऐसा रामराज बिहार की जनता को नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि बताइए बिहार में 25-25 करोड़ की लूट 1 दिन में हो रही है। हर दिन अख़बार अपराध की घटनाओं से भरी हुई है। हालात इतने खराब हैं कि अपराधी दिनदहाड़े लूट हत्या डकैती कर रहे हैं लेकिन सरकार रामराज की बात करती है।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर आरा में हुई लूट की घटना का वीडियो शेयर करते हुए नीतीश सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने लिखा था कि शोरूम लूट का मंगलमय वीडियो। प्रतिदिन बिहार में सैंकड़ों राउंड गोलियाँ चलती है। सत्ता संरक्षित औसतन प्रतिमाह सैंकड़ों हत्याएं होती है। लूटपाट, छिनतई, चोरी, अपहरण और बलात्कार का कोई लेखा-जोखा नहीं।
बाक़ी मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में है। प्रशासनिक अराजकता चहुंओर फैल चुकी है। भ्रष्टाचारी और गुंडे सरकार चला रहे है। आप स्वयं तथा परिजनों का ख़्याल रखें। व्यापारी वर्ग कृपया अपने जान-माल की स्वयं रक्षा करें। इस भ्रष्ट, अवैध और निकम्मी सरकार से कोई उम्मीद रखना स्वयं को नुकसान एवं धोखे में रखने समान है।