लाइव सिटीज, खगड़िया: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में खगड़िया जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले में चल रही कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और निरीक्षण करेंगेमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
खगड़िया सदर के विधायक बबलू कुमार मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जिले के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री करीब 43 करोड़ रुपये की लागत से 35 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही लगभग 261 करोड़ रुपये की लागत से 284 योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जिले की एक महत्वपूर्ण परियोजना बूढ़ी गंडक नदी पर खगड़िया और बख्तियारपुर बाइपास पथ के बीच निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का भी निरीक्षण करेंगे। इस परियोजना को जिले के लिए काफी अहम माना जा रहा है। दरअसल, इस आरओबी के बनने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। फिलहाल रेलवे क्रॉसिंग के कारण लोगों को अक्सर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है और लंबे समय तक वाहनों की कतार लग जाती है।
