लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि नीतीश जी को मुख्यमंत्री नहीं रहने दिया जायेगा, ये बात चुनाव से पहले ही कह दी थी. उस समय एनडीए के नेता कहते थे कि ’25 से 30 फिर से नीतीश’ क्या हुआ उनके नारों का? वो लोग सफेद झूठ बोल रहे थे. सरकार में आखिर परिवर्तन क्यों किया जा रहा है?
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी नेताओं ने झूठ तो बोला. सबसे बड़ी बात ये है कि इतने बड़े मैंडेट के बाद भी सरकार में परिवर्तन किया जा रहा है, आखिर क्यों? यदि उनकी इच्छा होती तो वो चुनाव से पहले भी बोल सकते थे. अचानक से सीएम का ओथ लेकर उनकी इच्छा नहीं जगी होगी. ये तो बीजेपी द्वारा थोपा गया है, जो बातें सामने आ रही हैं.
उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है, भ्रष्टाचारियों से लोग परेशान हैं. बिहार के युवा परेशान हैं, बाहर में काम करने वाले की क्या हालत है? गैस नहीं मिल रहा है उसके लिए बिहार की सरकार या केंद्र की सरकार ने कोई व्यवस्था की है क्या? लोग पलायन कर रहे हैं, उनके लिए सरकार ने क्या कोई व्यवस्था की है. इनलोगों को इससे क्या मतलब है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की स्थिति क्या है? फिर चाहे कानून व्यवस्था का मामला हो, शिक्षा-स्वास्थ्य का मामला हो, गरीबी का हो या महंगाई का हो. पलायन का मुद्दा हो, लोग बिहार में परेशान हैं कि नहीं? जो मजदूर वापस आ रहे हैं सरकार ने उनके लिए क्या इंतजाम किए हैं
