लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान खगड़िया के अलौली प्रखंड के शहरबन्नी स्थित पैतृक आवास पहुंचे थे. इस दौरान की एक तस्वीर चर्चा में आ गई है. दरअसल, आवास पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस भी मौजूद थे. चाचा पारस को देख चिराग ने उनका पैर छूकर आशीर्वाद लिया. फिर दोनों के बीच काफी देर तक आपस में बातचीत भी हुई. लेकिन चाचा-भतीजे के बीच क्या बातें हुई, यह पता नहीं चल पाया
चाचा पशुपति कुमार पारस ने भतीजे चिराग पासवान को आशीर्वाद दिया. इसके बाद छोटे भाई प्रिंस राज से भी मुलाकात की. दोनों भाई ने एक-दूसरे को गले लगाया. इस दौरान आवास पर खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा और पार्टी के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ दिखी. सभी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए. जानकारी के मुताबिक, चिराग अपने दिवंगत चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे.
इस दौरान की एक और भावुक करने वाली तस्वीर आई. चाचा पारस से मुलाकात से पहले चिराग पासावन ने बड़ी मां राजकुमारी देवी से भी मुलाकात की थी. जैसे ही चिराग ने उनके पैर छुए, बड़ी मां ने उन्हें गले लगा लिया. इस दौरान चिराग पासवान की आंखों से आंसू छलक पड़े. इसके बाद चिराग ने बड़ी मां का छाल-चाल भी जाना. इस मुलाकात की तस्वीरों को चिराग पासवान ने एक्स अकाउंट के जरिए शेयर किया
