लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर करारा हमला बोला है। संसद के विशेष सत्र और महिला आरक्षण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच चिराग ने साफ कर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि यह बिल कोई चुनावी स्टंट नहीं, बल्कि आधी आबादी को उनका हक देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है
उन्होंने कहा कि जब नई संसद के उद्घाटन के समय महिला आरक्षण बिल लाने के लिए विशेष सत्र बुलाया गया था, तब विपक्ष ने इसे महज एक ‘शो’ करार दिया था। उन्होंने कहा, “विपक्ष ने उस वक्त खूब भ्रम फैलाया कि यह सिर्फ चुनाव जीतने का एक तरीका है और इसे लागू नहीं किया जाएगा। लेकिन आज की स्थिति ने यह साबित कर दिया है कि हमारी सरकार इस मुद्दे पर कितनी गंभीर है। यह कोई सिम्बोलिक कदम नहीं था, बल्कि एक पक्का वादा था।
चिराग ने इस दौरान अपने पिता और दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की मांग दशकों से लंबित थी। चिराग ने जोर देते हुए कहा, “मेरी पार्टी (LJP-R) हमेशा से इस बिल के समर्थन में रही है। मेरे पिता आदरणीय रामविलास पासवान जी ने भी हमेशा महिलाओं की भागीदारी की वकालत की थी
