लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सासु मां विद्यावती देवी का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रही थीं और पटना स्थित आईजीआईएमएस में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब 6 बजकर 40 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को पटना के बांस घाट में विद्यावती देवी का अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पुत्र निशांत कुमार के साथ बांस घाट पहुंचे और सासु मां को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे विधि-विधान के साथ धार्मिक रस्में निभाई गईं। इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी समेत परिवार के अन्य सदस्य, रिश्तेदार और करीबी लोग भी मौजूद रहे। घाट पर माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।
परिजनों के अनुसार, विद्यावती देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं। बीते करीब दो महीनों से वे आईजीआईएमएस में भर्ती थीं। उम्र से जुड़ी कई बीमारियों के कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान परिवार के सदस्य लगातार उनके संपर्क में थे। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार लगभग हर शाम अस्पताल जाकर अपनी नानी से मुलाकात करते थे और उनका हालचाल लेते थे।
