लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ अब जहानाबाद जिले में आयोजित होने जा रही है। 23 मार्च को प्रस्तावित इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिले को लगभग 252 करोड़ रुपये की 161 विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
इस दौरे की खास बात यह है कि 73 नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी, जिनकी कुल लागत करीब 150 करोड़ रुपये है। साथ ही लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 88 योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। यानी एक ही मंच से नई योजनाओं का शुभारंभ और पूरी हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से सीधे सदर प्रखंड के पुराने कार्यालय परिसर स्थित जीविका दीदी वस्त्र उत्पादन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे गांधी मैदान जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां वे योजनाओं की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है, जहां मुख्यमंत्री आम जनता को संबोधित करेंगे। इसके लिए भव्य पंडाल तैयार किया गया है और पूरे मैदान को सजाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सीएम की सुरक्षा टीम ने सभी प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा को कड़ा कर दिया है।
