लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में पशु मेले में भारी अफरा-तफरी मच गई. भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. घटना औराई क्षेत्र के गरहा थाना इलाके की है, जहां बड़ी संख्या में लोग जुटे थे.
जानकारी के अनुसार, मेले में खेसारी लाल यादव के आने की खबर फैलते ही हजारों की संख्या में लोग स्टेज की ओर दौड़ पड़े. भीड़ को संभालने में आयोजकों और सुरक्षा बलों की असफलता के चलते हालात बिगड़ गए. मौके पर तैनात पुलिस बल को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा.
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम से पहले हुई इस भगदड़ ने पूरे आयोजन को प्रभावित कर दिया. कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही भीड़ के अनियंत्रित होने के कारण स्टेज क्षेत्र को खाली कराना पड़ा. कई दर्शक इस घटना से डरकर मेले से लौट गए, जबकि कुछ लोग वहां मौजूद रहें. वहीं खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है.
