लाइव सिटीज, पटना: अगले महीने बिहार विधानसभा का सत्र शुरू होने वाला है और उससे पहले कांग्रेस ने अपनी सियासी हलचल तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को दिल्ली तलब किया है। आज दिल्ली में बिहार कांग्रेस की एक अहम और निर्णायक बैठक होने जा रही है।
यह बैठक दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में शाम 4:30 बजे शुरू होगी, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहेंगे। बैठक में बिहार कांग्रेस के सभी विधायक, सांसद, एमएलसी के साथ-साथ प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे।
इस बैठक में बिहार कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा होगी। इसके साथ ही विधायक दल के नेता के नाम पर भी अंतिम फैसला लिया जा सकता है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव परिणाम आए दो महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन अब तक कांग्रेस विधायक दल का नेता तय नहीं हो पाया है।
