HomeBiharभोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह को राहत, आचार संहिता उल्लंघन मामले में...

भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह को राहत, आचार संहिता उल्लंघन मामले में डेहरी कोर्ट ने दी जमानत

लाइव सिटीज, रोहतास: रोहतास जिले के डेहरी व्यवहार न्यायालय से भोजपुरी फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक पुराने मामले में जमानत मिल गई. यह मामला वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान दर्ज किया गया था. चुनाव के समय बिना अनुमति जुलूस और रैली निकालने के आरोप में डेहरी नगर थाना में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. उसी मामले में न्यायालय द्वारा समन जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में पवन सिंह मंगलवार को कोर्ट में पेश हुए.

वहीं, डेहरी कोर्ट परिसर में पवन सिंह के पहुंचते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. हालांकि, पेशी के बाद वे मीडिया के सवालों से बचते हुए नजर आए और बिना कोई प्रतिक्रिया दिए चुपचाप निकल गए. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया.

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह पर चुनाव प्रचार के क्रम में बिना प्रशासनिक अनुमति के जुलूस निकालने और रैली करने का आरोप लगा था. निर्वाचन आयोग द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता के तहत ऐसे किसी भी सार्वजनिक आयोजन के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होती है.

आरोप है कि इसी नियम का उल्लंघन करते हुए डेहरी नगर क्षेत्र में जुलूस निकाला गया, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने डेहरी नगर थाना में मामला दर्ज कराया था. मामले में न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए पवन सिंह को समन जारी किया था. काफी समय बाद वे इस समन पर कोर्ट में उपस्थित हुए, जहां से उन्हें जमानत मिल गई.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments