लाइव सिटीज, पटना: बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का पदभार ग्रहण करने के बाद से ही विभाग के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एक्शन मोड में है तो कई अंचल कार्यालय के अंचलाधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं राजस्व जुड़े कई कर्मी 17 सूत्री मांगों को लेकर 11 फरबरी से हड़ताल पर है. इस बीच कई बार विभाग की ओर से हड़ताली कर्मचारियों को काम पर वापस लौटने के लिए आग्रह किया गया, उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया.
कुछ दिन पहले मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा था कि अगर काम पर वापस नहीं आएंगे तो उन लोगों पर कार्रवाई होगी और उनकी जगह पर अस्थाई बहाली भी की जाएगी. अब उस पर विभाग ने एक्शन लेना भी शुरू कर दिया है . इसी कड़ी में बुधवार को अंचल कार्यालय के तीन कर्मचारी जिसमें दो अंचलाधिकारी और एक भू अर्जन पदाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है. इस निलंबन में राजधानी पटना के सदर C.O रजनीकांत भी शामिल हैं.
विजय कुमार सिन्हा ने साफ तौर पर कहा कि सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने, अनुशासनहीनता एवं भ्रामक बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. निलंबित किए गए अधिकारियों में अररिया के अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जितेंद्र पांडे, पटना सदर के अंचलाधिकारी रजनीकांत तथा पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन अंचल के अंचलाधिकारी आनंद कुमार शामिल हैं.
