लाइव सिटीज, पटना: निशांत कुमार को बिहार का अगला सीएम बनाने की मांग तेज हो गई है. पटना में जेडीयू ऑफिस के बाहर एक बड़ा सा पोस्टर लगाया गया है. इस पोस्टर के जरिए सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई. पोस्टर में निशांत कुमार की फोटो के नीचे लिखा है- ‘फ्यूचर CM ऑफ बिहार. नीतीश सेवक, मांगे निशांत.’
इसके साथ ही पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर भी है. इसमें सीएम नीतीश से बिहार छोड़कर नहीं जाने की अपील की गई है. पोस्टर में लिखा है- ‘क्यों कर रहे हैं आप ऐसा विचार, जब बिहार वासियों को स्वीकार नहीं कि आप मुख्यमंत्री पद छोड़ जाएं बिहार.’ सीएम नीतीश ने राज्यसभा जाने का जब ऐलान किया था, तब से ही जेडीयू के कार्यकर्ता उन्हें फिर से विचार करने और बिहार से नहीं जाने की अपील कर रहे हैं.
जेडीयू लगातार निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग कर रही है. जेडीयू ज्वाइन करने जब निशांत कुमार ऑफिस पहुंचे थे, उस दिन भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें ही सीएम फेस बताया था. इसके साथ ही निशांत जब नालंदा पहुंचे थे, तब महिलाओं ने भी यही मांग की थी.
