HomeBiharतेज रफ्तार की पछिया हवा से और बढ़ेगी ठिठुरन, तीन दिनों तक...

तेज रफ्तार की पछिया हवा से और बढ़ेगी ठिठुरन, तीन दिनों तक कोहरे की चादर में लिपटा रहेगा प्रदेश

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के जिलों में ठिठुरन वाली ठंड की एंट्री हो चुकी है। तापमान में तेजी से हो रहे गिरावट के साथ ही कोहरे का असर भी बढ़ गया है।  पांच से छह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, नए साल से पहले ठंड अपनी चरम पर होगी। तीन दिनों के बाद मौसम सामान्य होने के साथ कनकनी में वृद्धि के आसार हैं। अगले तीन दिनों तक कोहरे की मोटी चादर में प्रदेश लिपटा रहेगा। प्रदेश के 19 जिलों में कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा।

राजधानी पटना समेत राज्य भर में उच्च दबाव का क्षेत्र बने होने के साथ आर्द्रता में वृद्धि की वजह से कोहरे से फिलहाल निजात मिलने की संभावना नहीं है। गुरुवार को पटना व पूर्णिया जिले में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में कोहरे की स्थिति बनी रही। 

गुरुवार को पटना में कोहरे के कारण दौ सौ मीटर व पूर्णिया में 150 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। कोहरे के कारण विमान, रेल व बस सेवाएं चरमरा गईं। राजधानी समेत प्रदेश के 11 जिलों के न्यूनतम तापमान में आंशिक कमी आई है। 7.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गया प्रदेश का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया।

कड़ाके वाली ठंड के आगमन के साथ ही गया का न्यूनतम तापमान अन्य जिलों की तुलना में  सबसे कम है। गुरुवार की सुबह आठ बजे तक सूर्य की रोशनी धरती पर नहीं पहुंची, क्योंकि आसमान में धुंध का असर दिख रहा था। 

मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। दिन में थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन रात में ठंड अधिक होगी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जो सामान्य तापमान से छह डिग्री सेल्सियस कम था

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments