लाइव सिटीज, पटना: चौथे कृषि रोड मैप के तहत ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ पहल के अंतर्गत क्लस्टर में बागवानी योजना का संचालन किया जा रहा है. इस योजना के माध्यम से किसानों को चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती के लिए प्रति एकड़ एक लाख रुपए और ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए दो लाख रुपए तक अनुदान दिया जाएगा.
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में पपीता की खेती के लिए 40 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में आंवला के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30 हेक्टेयर, अमरूद के लिए 190 हेक्टेयर, नींबू के लिए 210 हेक्टेयर और अनार के लिए 10 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
कृषि मंत्री ने आगे कहा कि अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार, पपीता और ड्रैगन फ्रूट सहित चयनित सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ अधिक उद्यानिकी वाली फसलों को अपनाकर अपनी आमदनी में वृद्धि करें.
विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आत्मनिर्भर और किसानों को कृषि उद्यमी के रूप में विकसित करने के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि क्लस्टर आधारित बागवानी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इससे किसानों को बेहतर उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज एवं बाजार की सुविधा मिलेगी. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
