लाइव सिटीज, समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले में अपराधियों ने पंच पति की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान गांव के ही वार्ड एक निवासी गांगो राय के पुत्र सुबोध राय (45) के रूप में की गई है. वारदात सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत रसलपुर स्थित वार्ड 6 की है.
घटना के संबंध में बताया गया है शख्स अपनी साइकिल पर सवार होकर अपने घर से करीब दो-ढाई किलोमीटर उत्तर में वार्ड 6 से गुजर रहे थे. इस बीच पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उनकी कनपटी और सीने पर सटाकर गोली दाग दी. हमले में उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. वारदात के बाद अज्ञात हमलावर वहां से फरार हो गए.
हत्या की सूचना पर सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार दल बल के साथ पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में ले लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया. जांच शुरू होने तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया था.
मृतक सुबोध राय की पत्नी धर्मशिला देवी अपने वार्ड की पंच हैं. उनकी एक पुत्री एवं दो पुत्र हैं. बेटी की शादी अगले महीने होने वाली थी, गोलीबारी की आकस्मिक घटना में शख्स की मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा पसरा हुआ है.
