लाइव सिटीज, पटना: विधान परिषद चुनाव 2026 में 5 लाख 32 हजार 847 मतदाता आठों सीट पर उम्मीदवारों की जीत-हार तय करने वाले हैं। आठ में से चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
इनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिला एवं 34 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कोसी स्नातक सीट के लिए 1,34,072, तिरहुत के लिए 1,43,988, दरभंगा के लिए 1,26,951 एवं पटना के लिए 87,583 मतदाता हैं। वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों पर कुल 40,253 मतदाता उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे।
इनमें 30,677 पुरुष, 9573 महिला एवं 3 थर्ड जेंडर हैं। इसके तहत तिरहुत सीट के लिए 8760, दरभंगा सीट के लिए 9026, पटना सीट के लिए 11,719 एवं सारण सीट के लिए 10,748, मतदाता हैं।
बिहार सरकार ने एमएलसी चुनाव में वोट डालने के लिए सरकारी कर्मियों को आकस्मिक छुट्टी दी है। जिन क्षेत्रों में आज चुनाव हो रहे हैं वहां के कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा। जिन कर्मियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज है उन्हें ही छुट्टी दी जाएगी।
एमएलसी चुनाव को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं की जा सके। पटना में 42 उड़न दस्ता और 17 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है।
