लाइव सिटीज, बेतिया: बेतिया में भीषण सड़क हादसा हो गया. डीएसपी की तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मोहम्मद अरमान की मौत हो गई. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलदारी की है. मृतक के भाई मोहम्मद निजामुद्दीन ने डीएसपी की गाड़ी पर लापरवाही से चलाने और पीछे से बाइक में टक्कर मारने का आरोप लगाया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
बेलदारी के रहने वाले मो. अरमान बाइक से जियो पेट्रोल पंप की तरफ से आ रहे थे. इसी दौरान पीछे से आई एक गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. मृतक के भाई का आरोप है कि टक्कर के बाद गाड़ी आगे बढ़ने की कोशिश कर रही थी. लेकिन उसका अगला टायर फट जाने के कारण वह मौके पर ही रुक गई. उनके मुताबिक, गाड़ी में एक महिला, बच्चा और अन्य लोग भी सवार थे.
मोहम्मद निजामुद्दीन ने बताया कि हादसे के समय उनके भाई की मौत मौके पर नहीं हुई थी. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. परिवार के मुताबिक, मोहम्मद अरमान अपने पीछे पत्नी, चार बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं. उनकी मौत से परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है
