लाइव सिटीज, भागलपुर: भागलपुर में कुख्यात खोखा सिंह के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मामला कदवा थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला का है. घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योतिष के सीने में एक गोली लगी थी. नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतक ज्योतिष कुमार नवगछिया के कुख्यात अपराधी खोखा सिंह का बेटा है. वर्ष 2021 में अपराधियों ने उसके पिता खोखा सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी. उस समय खोखा सिंह अपने भाई के साथ गांव में घूमने निकले थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर गोलीबारी की थी. घटना में उनके भाई को भी गोली लगी थी. अब पांच साल बाद बेटे ज्योतिष की हत्या से क्षेत्र में एक बार फिर सनसनी फैल गई है.
नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया. आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि मृतक ज्योतिष कुमार भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा था. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
