HomeBiharपटना में GST अफसर के बंद मकान में बड़ी चोरी, लाखों के...

पटना में GST अफसर के बंद मकान में बड़ी चोरी, लाखों के गहने और कैश लेकर फरार हुए चोर

लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने एक बार फिर बंद मकान को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी इलाके में GST के असिस्टेंट कमिश्नर असगर हुसैन के बंद घर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर घर से नकदी के साथ सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, वारदात के वक्त मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और अंदर रखे कीमती सामान को खंगाल डाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से करीब 1.25 लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं। इसके अलावा लगभग 7 से 8 लाख रुपये के सोने के आभूषण और करीब 1 लाख रुपये कीमत के चांदी के सामान भी चोर अपने साथ ले गए। इस तरह चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 9.25 लाख रुपये बताई जा रही है।

घर लौटने पर सामने आई चोरी की घटना

चोरी का खुलासा तब हुआ जब घर के लोग वापस लौटे। मकान की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और कीमती सामान गायब था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से मकान में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए।

CCTV और आसपास के इलाकों की जांच

पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले किसी ने मकान की रेकी तो नहीं की थी।

पॉश इलाके में GST अधिकारी के घर हुई चोरी के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस ने चोरी गए सामान और नकदी का ब्योरा जुटाते हुए मामले की जांच तेज कर दी है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments