लाइव सिटीज, पटना: बिक्रम थाना क्षेत्र के तिमुहानी स्थित बालाजी मंदिर के समीप रविवार सुबह पेड़ से लटका एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र के महंगूपुर निवासी मुकेश प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है. सुबह करीब सात बजे स्थानीय लोगों ने पेड़ से शव लटका देखा, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
परिजनों के अनुसार, बिट्टू कुमार राजमिस्त्री के साथ मजदूर के रूप में काम करता था. बताया गया कि घटना से पहले उसने अपने एक दोस्त के मोबाइल पर फोन कर बातचीत की थी. बातचीत के दौरान उसने अपने दोस्त को बिक्रम के जंगल में होने की बात बतायी थी. इसके कुछ समय बाद ही बालाजी मंदिर के समीप पेड़ से उसका शव लटका मिला.
शव मिलने की सूचना मिलते ही बिक्रम थाना के अपर थानाध्यक्ष वरुण कुमार और पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी. युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस उसके परिजनों और दोस्तों से भी जानकारी जुटा रही है.
युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
