लाइव सिटीज, पटना: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामलों की जांच के दौरान आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने परिवहन विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU की अलग-अलग टीमों ने बुधवार को अधिकारी के पटना और भोजपुर जिले स्थित ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। जांच में प्रथम दृष्टया अधिकारी की ज्ञात आय से करीब 1.49 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित किए जाने के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।
मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात हैं अमित कुमार गुप्ता
EOU की कार्रवाई अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ की गई है। वह परिवहन विभाग में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर तैनात हैं और फिलहाल मोहनिया चेक पोस्ट से जुड़े हैं। EOU के अनुसार, जांच के दौरान उनकी वैध आय और संपत्ति के बीच बड़ा अंतर सामने आया। इसी आधार पर उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया।
29 सितंबर को दर्ज हुआ केस
आर्थिक अपराध इकाई ने अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ 29 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इसके बाद EOU ने पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया और बुधवार सुबह दोनों ठिकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी।
ज्ञात आय से 148 फीसदी ज्यादा संपत्ति
जांच एजेंसी के मुताबिक, अमित कुमार गुप्ता के पास उनकी ज्ञात और वैध आय के स्रोतों की तुलना में करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये की अधिक संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया प्रमाण मिले हैं। यह रकम उनकी ज्ञात आय से लगभग 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर EOU ने तलाशी की कार्रवाई शुरू की है।
पटना और भोजपुर में कहां-कहां रेड
EOU की टीमें दो स्थानों पर तलाशी ले रही हैं। पहला ठिकाना भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अवधपुरी, चांदवा मोड़ के पास स्थित निजी आवास है। दूसरा ठिकाना पटना के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साईं वरदान सिटी के ब्लॉक-सी में फ्लैट नंबर 609 है।दोनों जगहों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
EOU की कार्रवाई के दौरान अधिकारी के आवास और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। एजेंसी की ओर से कहा गया है कि तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेज, संपत्ति और अन्य सामान से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आएगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है।
