लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर जन सुराज ने 5 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. इनमें सारण शिक्षक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक और दरभंगा स्नातक सीट शामिल हैं. हालांकि पटना स्नातक सीट पर अभी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है. बता दें कि जन सुराज पहले ही सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुका है.
जन सुराज की लिस्ट के मुताबिक सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आफाक अहमद उम्मीदवार होंगे. कोशी स्नातक से रजनीश रंजन, पटना शिक्षक से दिव्य ज्योति, दरभंगा शिक्षक से सुरेश प्रसाद राय और दरभंगा स्नातक से रविंद्र कुमार यादव को टिकट दिया गया है. सभी उम्मीदवारों की घोषणा खुद प्रशांत किशोर ने की. हालांकि पटना स्नातक सीट पर अभी उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया गया है
हालांकि, पटना स्नातक सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है और इस पर सस्पेंस बरकरार है. प्रशांत किशोर ने कहा कि जल्द ही इस सीट पर भी नाम का ऐलान किया जाएगा. बता दें कि इस सीट पर पहले से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. जेडीयू की ओर से नीरज कुमार का नाम सामने है, जबकि अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ डॉ. अनुज सिंह के समर्थन की बात कही है. जन सुराज की ओर से पटना स्नातक सीट पर उम्मीदवार की घोषणा के बाद यहां मुकाबले की तस्वीर और साफ होगी.
प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षक संघ कई वर्गों में बंटा हुआ है. शिक्षकों की हालत तभी बदलेगी जब बिहार में शिक्षा की बदहाली खत्म होगी. जन सुराज की राय है कि जितने भी शिक्षक संघ हैं, उन्हें एक साथ लाने की कोशिश की जाएगी तभी शिक्षक और शिक्षा की तस्वीर बदलेगी. इसके लिए समिति बनाई जाएगी.
जन सुराज ने शिक्षकों के लिए तीन प्रमुख वादे किए हैं. पहला, सातवां वेतनमान लागू कराया जाएगा. दूसरा, वित्त रहित शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा और उनकी समस्या खत्म की जाएगी. तीसरा, शिक्षकों को चुनाव के अलावा किसी और काम में नहीं लगाया जाएगा
