HomeBiharसीतामढ़ी में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी, जिला परिषद सदस्य के पति को...

सीतामढ़ी में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी, जिला परिषद सदस्य के पति को गोलियों से भूना

लाइव सिटीज, सीतामढ़ी: सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। केथरिया गांव निवासी बैद्यनाथ महतो की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बैद्यनाथ महतो जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य खुश्दिल देवी के पति थे।

जानकारी के मुताबिक, बैद्यनाथ महतो शनिवार सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। बताया जा रहा है कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

तीन दिन पहले ग्रामीणों ने किया था थाने का घेराव

इस हत्या की घटना के बाद पुलिस को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना से महज तीन दिन पहले ग्रामीणों ने अपनी शिकायतों को लेकर थाने का घेराव किया था। ऐसे में अब जिला परिषद सदस्य के पति की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी आक्रोश बताया जा रहा है। लोगों की मांग है कि हत्या के पीछे कौन लोग हैं, इसका जल्द पता लगाया जाए और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती

हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बैद्यनाथ महतो की हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश कौन थे। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सुरागों और आसपास की जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल इस हत्या के बाद केथरिया समेत आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments