पटना विश्वविद्यालय में एलएलबी प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का आक्रोश अब विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन के रूप में सामने आया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय परिसर में भी विरोध दर्ज कराया।
भूख हड़ताल के बाद बढ़ा आंदोलन
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है। संगठन की ओर से इसे 10 सूत्री मांगों से जोड़कर आंदोलन चलाया जा रहा है। इनमें एलएलबी प्रवेश परीक्षा को लेकर उठे सवाल भी प्रमुख हैं।
छात्र नेताओं का कहना है कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र बाहर पहुंचने की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और पूरे मामले में पारदर्शी तरीके से कार्रवाई होनी चाहिए।
LLB परीक्षा दोबारा कराने की मांग
छात्रों का आरोप है कि एलएलबी प्रवेश परीक्षा शुरू होने के कुछ ही समय बाद प्रश्नपत्र अलग-अलग व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रसारित होने लगा था। AISF का कहना है कि ऐसी स्थिति में परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। संगठन परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग कर रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के सवाल
प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि सिर्फ पेपर लीक का मुद्दा ही नहीं, बल्कि फीस बढ़ोतरी, लाइब्रेरी की सुविधाओं और अन्य शैक्षणिक समस्याओं को लेकर भी लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है।AISF ने चेतावनी दी है कि मांगों पर ठोस पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
