लाइव सिटीज, भागलपुर: जिले में गंगा और सहायक नदियों की बाढ़ का प्रकोप अब जानलेवा साबित हो रहा है। नवगछिया, पीरपैंती, अजगैवीनाथ धाम और नाथनगर प्रखंड क्षेत्रों में बाढ़ जनित अलग-अलग हादसों में चार लोगों की असामयिक मौत हो गई। मृतकों में पूर्व विधायक गोपाल मंडल के 18 वर्षीय सगे भतीजे शुभम कुमार, एक तीन वर्षीय मासूम बालक, करंट की चपेट में आया एक मैट्रिक का छात्र और राहत शिविर में रह रहे एक वृद्ध शामिल हैं। एक ही दिन में चार मौतों की खबर से पूरे जिले में कोहराम मच गया है।
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता गांव में भागवत कथा संपन्न होने के बाद विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबने से 18 वर्षीय शुभम कुमार की मौत हो गई। मृतक अनिल मंडल का पुत्र और पूर्व विधायक गोपाल मंडल का भतीजा था। पूर्व विधायक ने बताया कि विसर्जन के दौरान पैर फिसल जाने के कारण शुभम अचानक गहरे और तेज पानी के बहाव में समा गया।
घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। बुधवार को एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गहरे पानी से शुभम का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पीरपैंती प्रखंड के एकचारी दियारा थाना अंतर्गत एकचारी गांव में बुधवार को बाढ़ के पानी में डूबने से मुकेश मंडल के तीन वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार की जान चली गई। बासा के निकट मूली के खेत में बाढ़ का पानी घुस आया था। माता-पिता खेत में मूली उखाड़ रहे थे और बालक को सूखे स्थान पर खड़ा किया था। इसी दौरान वह चापाकल के समीप पहुंचे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। जब तक परिजन दौड़े, तब तक बच्चे की सांसें थम चुकी थीं।
