लाइव सिटीज, पटना: पेपर लीक मामले में आरोपी संजीव मुखिया को लेकर बड़ी खबर सामने आई. EOU की पूछताछ के दौरान संजीव मुखिया ने अपने गुनाह कबूल करने की बात सामने आई है. पूछताछ में उसने कई चर्चित भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की है.
जानकारी के मुताबिक, संजीव मुखिया ने 2017 NEET पेपर लीक, 2023 CSBC सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक और BPSC शिक्षक बहाली TRE-3 पेपर लीक में अपनी भूमिका कबूल की है
EOU की जांच में पेपर लीक के पूरे नेटवर्क को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक की योजना कैसे तैयार की जाती थी. इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र कैसे पहुंचाया जाता था. संजीव मुखिया से अलग-अलग परीक्षाओं को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.
संजीव मुखिया बिहार के नालंदा जिले के नगरसौना का रहने वाला है. वह नालंदा कॉलेज की नूरसराय ब्रांच में तकनीकी सहायक के तौर पर काम करता था. उस पर प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और सॉल्वर गैंग चलाने के आरोप लगते रहे हैं. NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले में भी उसका नाम सामने आया था. इस मामले के बाद वह करीब 11 महीने तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा. 24-25 मई 2025 की दरमियानी रात उसे पटना के सगुना मोड़ के पास एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया था.
