लाइव सिटीज, पटना: पटना जिले के मोकामा इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर बख्तियारपुर-औंटा गोलंबर के बीच शिवनार गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
बताया जा रहा है कि कार सवार लोग पटना से खगड़िया की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
कार में बुरी तरह फंस गए थे शव
दुर्घटना के बाद कार की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि उसमें फंसे लोगों को सामान्य तरीके से बाहर निकालना मुश्किल था। खासकर चालक का शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। कार के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर काफी मशक्कत के बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोकामा ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को भी दे दी गई है। मृतकों की पहचान खगड़िया जिले के रहने वाले लोगों के रूप में हुई है।
तीन परिवारों में पसरा मातम
हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की जान जाने से इलाके में भी शोक का माहौल है।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। वहीं, पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं चालक को झपकी आने के कारण वाहन का संतुलन तो नहीं बिगड़ा। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और घटनास्थल की भी जांच की है।फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे
