HomeBiharनेपाल की बाढ़ से बिहार में बढ़ी चिंता, सीएम सम्राट चौधरी ने...

नेपाल की बाढ़ से बिहार में बढ़ी चिंता, सीएम सम्राट चौधरी ने गंडक बराज समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

लाइव सिटीज, पटना: नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद बिहार में भी नदियों के जलस्तर को लेकर चिंता बढ़ गई है। नेपाल से सटे जिलों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए बिहार सरकार अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

गुरुवार सुबह गंडक बराज में जलस्तर बढ़ने की सूचना के बाद प्रशासन की सक्रियता और बढ़ गई। स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंडक बराज और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। इस दौरान उनके साथ जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से नदियों के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नेपाल में बाढ़ की स्थिति का सीधा असर बिहार की नदियों पर पड़ सकता है। खासकर गंडक नदी के आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।

सरकार की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव दलों को भी तैयार रखा जा रहा है।मुख्यमंत्री की ओर से अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी होने की स्थिति में समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home