लाइव सिटीज, पटना: पटना में आज होने वाले आरजेडी के लोकभवन मार्च को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में होने वाले इस मार्च में बड़ी संख्या में आरजेडी नेता, विधायक, सांसद और कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। मार्च का मुद्दा सिवान में प्रदर्शन के दौरान AK-47 से हुई फायरिंग और छात्रों से जुड़े सवाल हैं।
मार्च को देखते हुए पटना के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त बल की तैनाती की तैयारी की है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, वहीं, तेजस्वी यादव पहले ही आशंका जता चुके हैं कि मार्च के दौरान पुलिस अत्यधिक बल प्रयोग कर सकती है। उन्होंने सरकार पर छात्रों और प्रदर्शनकारियों की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
आपको बता दें कि मार्च की शुरुआत सुबह 10 बजे जेपी गोलंबर से होगी। इसके बाद तेजस्वी यादव के नेतृत्व में RJD नेता और कार्यकर्ता बेली रोड के रास्ते लोक भवन पहुंचेंगे। मार्च में राजद के विधायक, सांसद, MLC, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में छात्र और युवा भी शामिल होंगे। लोक भवन पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव राज्यपाल सैयद अता हसनैन को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के जरिए सीवान की घटना में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।
