लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून एक्टिव है, लेकिन बारिश की गतिविधि कमजोर है। तेज धूप के चलते पटना समेत कई जिलों में उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। सुपौल समेत उत्तर बिहार के 6 जिलों का तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
हालांकि मौसम विभाग ने आज बिहार के 15 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 14 से 18 अगस्त को पटना समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
14 अगस्त- गया, जहानाबाद, पटना, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया और मुंगेर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
15 अगस्त- मौसम पूरी तरह साफ रहने के आसार नहीं हैं। राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर बिहार में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
