लाइव सिटीज, पटना: बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए वोटिंग शुरू हो गई है. टोटल 422 बूथों पर वोट डाले जा रहे है. आज वोटिंग को लेकर एक दिन पहले ही जिला प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां कर ली गईं थीं. ऐसे में आज 25 उम्मीदवारों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इनमें से बीजेपी के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है.
आपको बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 4.61 फीसदी मतदान हुआ है.बांकीपुर विधानसभा में टोटल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं. इनमें 2 लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला और 23 थर्ड जेंडर हैं. 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में और 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में स्थापित किए गए हैं.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया पर लोगों से वोट की अपील की. उन्होंने लिखा, आज बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है. मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करेगी तथा विकास की इस निरंतर यात्रा को नई शक्ति प्रदान करेगी. मैं बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवाओं एवं मातृशक्ति से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें. याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मतदाताओं से भारी संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए “पहले मतदान, फिर जलपान” का नारा दिया. उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से ही सुनिश्चित होती है. उन्होंने सभी नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया, जिसके बाद सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोटरों की कतारें लंबी होने लगी हैं.
