HomeBiharBPSC को कब भेजा जाएगा TRE-4 का प्रस्ताव… RJD विधायक के सवाल...

BPSC को कब भेजा जाएगा TRE-4 का प्रस्ताव… RJD विधायक के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने दिया जवाब

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर सरकार का प्लान स्पष्ट किया।

उन्होंने बताया कि राज्य में शिक्षकों के ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में शिक्षक नियुक्ति से जुड़ी अधिसूचना बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC को भेजी जाएगी। इसके बाद BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आधिकारिक वैकेंसी जारी करेगा। यह जानकारी राजद विधायक गौतम के सवाल के जवाब में सदन में दी गई

सदन में राजद विधायक गौतम ने शिक्षक नियुक्ति को लेकर सरकार से सवाल किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक बहाली के लिए सरकार की ओर से कैलेंडर जारी किया गया था। इसमें अगस्त महीने में शिक्षकों की नियुक्ति की बात कही गई थी। लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। विधायक ने वर्ष 2025 के शिक्षक नियुक्ति कैलेंडर का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी तय कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक बहाली नहीं हो सकी। वर्ष 2026 में भी अभी तक शिक्षक भर्ती को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से पूछा कि शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया में देरी की असली वजह क्या है। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब और कितना इंतजार करना पड़ेगा

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सदन में सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य में शिक्षकों के ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया चल रही है। यह प्रक्रिया प्रारंभिक विद्यालयों से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों तक के शिक्षकों से जुड़ी है। शिक्षा विभाग पहले ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया को पूरा करेगा। इसके बाद अलग-अलग स्कूलों में शिक्षकों की वास्तविक जरूरत और खाली पदों की स्थिति साफ होगी। इसी आधार पर नई शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी

शिक्षा मंत्री ने बताया कि ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में शिक्षा विभाग शिक्षक नियुक्ति से जुड़ी अधिसूचना BPSC को भेजेगा। इसके बाद आयोग की ओर से TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर आधिकारिक वैकेंसी जारी की जाएगी। इसका मतलब है कि TRE-4 भर्ती की अगली बड़ी प्रक्रिया अब शिक्षा विभाग की ओर से BPSC को प्रस्ताव भेजे जाने के बाद आगे बढ़ेगी। अभ्यर्थियों की नजर अब जुलाई के अंतिम सप्ताह में होने वाली इस कार्रवाई पर रहेगी।

सरकार के अनुसार नई शिक्षक नियुक्ति में प्रारंभिक विद्यालयों के साथ-साथ माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाएगा। विभाग की ओर से खाली पदों का आकलन किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग की तैयारियां जारी हैं। ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षक बहाली को लेकर आगे की कार्रवाई शुरु होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments