HomeBiharपटना मेट्रो को मिली नई डेडलाइन, 2027 से इन रूटों पर दौड़ेगी...

पटना मेट्रो को मिली नई डेडलाइन, 2027 से इन रूटों पर दौड़ेगी मेट्रो, 2028 में शुरू होगा अंडरग्राउंड कॉरिडोर

लाइव सिटीज, पटना: पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के काम को रफ्तार देने के लिए सोमवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल बैठक हुई. इस बैठक में मेट्रो के काम की जमीनी और वित्तीय स्थिति, तय समय, पैसों की जरूरत और आने वाले समय में ट्रैफिक रूट बदलने के प्लान पर बात की गई.मुख्य सचिव ने मेट्रो प्रोजेक्ट में छह साल की देरी पर अधिकारियों को साफ लहजे में कहा कि अब काम की स्पीड को दोगुना करना होगा, ताकि तय किए गए नए टारगेट के अंदर काम हर हाल में पूरा हो सके.

मेट्रो के काम में पैसों की कमी की वजह से कोई रुकावट न आए, इसके लिए मुख्य सचिव ने बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने डिपॉजिट वर्क्स के तहत चल रहे कॉन्ट्रैक्ट के लिए 1100 करोड़ रुपये के जरूरी फंड की सप्लाई को लगातार बनाए रखने का निर्देश दिया है. इस फैसले से पैसों की तंगी के कारण अब मेट्रो का काम बीच में नहीं अटकेगा

बैठक में विकास भवन, विद्युत भवन और पटना जू (चिड़ियाघर) स्टेशनों के पास बनने वाले नए ट्रैफिक रूट प्लान की भी समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने सख्त निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को आने-जाने में कम से कम परेशानी होनी चाहिए. सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए उन्होंने पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक मार्शल तैनात करने के आदेश दिए हैं.

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पटना मेट्रो के अलग-अलग हिस्सों को आम जनता के लिए शुरू करने की नई तारीखें तय कर दी हैं. नए प्लान के मुताबिक, कॉरिडोर-1 के तहत मीठापुर से खेमनी चक के बीच 3.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रूट को चालू करने का लक्ष्य जून 2027 रखा गया है.

इसके साथ ही कॉरिडोर-2 के तहत राजेंद्र नगर स्टेशन-मलाही पकड़ी रैंप से लेकर आकाशवाणी स्टेशन-पटना जंक्शन तक के 8 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड रूट को चालू करने की समय-सीमा साल 2028 तय की गई है. मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मिलकर काम करने और हर हफ्ते प्रोग्रेस रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments