लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार से हो गई है। सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायकों और विधान पार्षदों ने विधानसभा परिसर में पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस दौरान आरजेडी नेताओं के हाथों में अलग-अलग मुद्दों को लेकर लिखी हुई तख्तियां थीं और वे सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। नीट पेपर लीक मामले में विपक्ष के विधायकों ने पैदल मार्च किया। विधायकों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। नरेंद्र मोदी हाय-हाय, धर्मेंद्र प्रधान हाय-हाय के नारे लगाए जा रहे हैं।
विधानसभा परिसर में पहुंचे आरजेडी विधायक और विधान पार्षदों ने एकजुट होकर सरकार पर कई सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया, जनहित के मुद्दों और सरकार की नीतियों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। आरजेडी नेताओं के हाथों में मौजूद तख्तियों पर “वोट चोरी”, बेरोजगारी, महंगाई और अन्य मुद्दों को लेकर सवाल लिखे हुए थे। इसके साथ ही बिहार विधानसभा परिसर में मॉब लिंचिंग के खिलाफ भी प्रदर्शन किया गया। पोस्टर में अल्पसंख्यक के खिलाफ मॉब लिंचिंग बंद करने की मांग की गई।
