लाइव सिटीज, सीवान: सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के डरैला गांव स्थित एक ईंट-भट्ठा परिसर में एक महिला का शव गड्ढे के अंदर ईंटों से दबा हुआ मिला. शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
स्थानीय लोगों का मानना है कि महिला की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गड्ढे में दबाया गया हो सकता है. जिस तरीके से शव ईंटों के नीचे दबा मिला. उससे हत्या की आशंका और गहरा गई है. हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार डरैला गांव स्थित शैलेश सिंह के ईंट-भट्ठा (चिमनी) परिसर के एक गड्ढे में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही गुठनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सामान भी मिला है. पुलिस ने एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी चप्पल और एक झोला बरामद किया है. इन वस्तुओं को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है और उनकी जांच की जा रही है. माना जा रहा है कि ये सामान मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
