लाइव सिटीज, पटना: बिहार में भीषण गर्मी के साथ उमस लोगों को झेलना पड़ रहा है. दोपहर होते-होते घर से निकलना मुश्किल हो रहा. ऐसे में आज राज्य के 14 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इन 14 जिलों में तेज हवा चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई है.
मौसम विभाग की माने तो, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर में मौसम बिगड़ा रह सकता है. लेकिन इसके अलावा बाकी के 24 जिलों में आज भी गर्मी और उमस से लोग परेशान रहेंगे.
बिहार में तापमान को लेकर मौसम विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि अधिकतर जिलों में 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रह सकता है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं भी झेलनी पड़ सकती है. लेकिन सुबह और रात के समय लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. इसके साथ ही मॉनसून के अगले सप्ताह तक बिहार में पहुंचने की पूर्वानुमान है.
