लाइव सिटीज, पटना: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित गांधी घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया. गंगा नदी में स्नान करने के दौरान तीन युवक डूब गए, जिनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
जानकारी के अनुसार सुबह करीब आठ बजे कंकड़बाग निवासी 20 वर्षीय समर कुमार अपने दो दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गांधी घाट पहुंचा था. नहाते समय समर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसके दोनों साथी भी नदी में कूद पड़े, लेकिन वे भी तेज धारा की चपेट में आ गए और तीनों डूब गए. मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए.
घटना की सूचना पर पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. कुछ ही समय में तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए. मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजा गया है. समर कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य युवकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस आगे की जांच और शिनाख्त में जुटी है.
