HomeBiharजीतन राम मांझी पर हमला? कार्यक्रम के दौरान फेंका गया पत्थर, जांच...

जीतन राम मांझी पर हमला? कार्यक्रम के दौरान फेंका गया पत्थर, जांच में जुटी पुलिस

लाइव सिटीज, गया: गया जिले से इस वक्त की एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आ रही है। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी पर शुक्रवार की शाम एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान जानलेवा पथराव किया गया है।

मंच पर भाषण देने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं, जबकि पत्थर उनके पीछे तैनात एक सुरक्षाकर्मी (अंगरक्षक) को जा लगा। इस अचानक हुए हमले से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत हरकत में आई और घटना स्थल के बाहर से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है।

यह पूरी वारदात गया जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत सीसवर स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल की है। शुक्रवार की शाम इस विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी शामिल होने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआती कार्यक्रम बेहद शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। मंच पर विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय नेताओं की ओर से केंद्रीय मंत्री को पूरे आदर-सत्कार के साथ सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के तुरंत बाद जीतन राम मांझी जैसे ही जनता और वहां मौजूद बच्चों-अभिभावकों को संबोधित करने के लिए पोडियम (माइक) के पास पहुंचे, तभी अचानक कार्यक्रम स्थल के बाहर से किसी ने मंच को निशाना बनाकर तेजी से पत्थर फेंका। पत्थर सीधे मंच पर गया और जीतन राम मांझी के ठीक पीछे खड़े उनके पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड (अंगरक्षक) को जाकर लगा। गनीमत रही कि पत्थर केंद्रीय मंत्री को नहीं लगा और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments