लाइव सिटीज, नालंदा: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को हरनौत के कल्याण विभाग पहुंचे. राज्यसभा सांसद बनने और सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद पैतृक गांव में वह पहली बार पहुंचे थे. इस दौरान नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे. कल्याण बिगहा पहुंचने पर पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय मंजू देवी की पुण्यतिथि पर स्मृति वाटिका में श्रद्धा सुमन अर्पित की.
साथ ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी अपने माता स्वर्गीय मंजू देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित की. स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार निशांत कुमार अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे थे, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया.
कल्याण बिगहा पहुंचने पर सबसे पहले नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार ने स्थानीय देवी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की. स्वर्गीय मंजू देवी को श्रद्धांजलि देते वक्त नीतीश कुमार भावुक दिखे. इस दौरान नीतीश कुमार के बड़े भाई सतीश कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत अन्य पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
