लाइव सिटीज, आरा: भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव को लेकर मंगलवार को जनप्रतिनिधि मतदाताओं के फैसले की घड़ी आ गई है। मतदान के बाद जदयू, राजद समेत कुल छह प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी। चुनाव को लेकर दोनों जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मतदान आज सुबह आठ बजे से शुरू हो गया है। शाम चार बजे तक चलेगा।
इस उपचुनाव में दोनों जिलों के कुल 6084 जनप्रतिनिधि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भोजपुर जिले में 3779 और बक्सर जिले में 2305 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2832 और महिला मतदाताओं की संख्या 3262 है। मतदान के लिए भोजपुर में 14 और बक्सर में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दोनों जिलों में कुल 14 जोनल दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों को लगाया गया है।
एसपी राज ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस उपचुनाव में जनता दल यूनाइटेड के कन्हैया प्रसाद, राष्ट्रीय जनता दल के सोनू कुमार राय समेत कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में कन्हैया प्रसाद, निरंजन कुमार राय, मनोज कुमार उपाध्याय और लालू प्रसाद यादव शामिल हैं। सभी प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है।
